पिछले कुछ वर्षें से जिले में शादी समारोह के दौरान लोगों के बीच एक नई परंपरा की शुरुआत हुई है और इस परंपरा के तहत लोग एक-दूसरे को विभिन्न मांगलिक कार्यक्रम में पौधों का उपहार दे रहे हैं। यह परंपरा धनसोई के सरकारी शिक्षक विपिन कुमार की प्रेरणा से शुरु हुई है। विपिन कुमार ने पांच वर्ष पूर्व अपनी बहन की शादी में तिलक के दौरान बहन के ससुराल वालों को पौधे उपहार में दिए थे। तभी से इस परंपरा की शुरुआत हुई. आज विपिन विभिन्न मांगलिक कार्यक्रमों के साथ-साथ अपने परिजनों की पूण्य स्मृति में भी लोगों को पौधे लगाने की सीख देते हैं। विपिन कुमार ने हाल ही में एक विवाह समारोह में 400 पौधों का उपहार सभी बारातियों को दिए थे।

उन्होंने ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय में कितना जरूरी है, यह बात किसी से छिपी नहीं है। जिस तरह से विकास कार्यों के नाम पर अंधाधुंध पेड़ों की कटाई हो रही है, उससे प्रदूषण का स्तर भी बढ़ रहा है। ऐसे में सबको यह सोचना होगा कि पर्यावरण को संरक्षित रखने की जिम्मेदारी हम सभी की है और ऐसे में विभिन्न अवसरों पर पौधरोपण करना होगा। विपिन कुमार ने बताया कि वह जिस कार्यक्रम में शामिल होते हैं, वहां उपहार स्वरूप लोगों को पौधा वितरित करते हैं और उनसे पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने की अपील करते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों समहुता के सिसौंधा निवासी ललन सिंह की पुत्री की शादी समारोह में उपस्थित होने पर उन्होंने लोगों को धरती माता के हरित घर के लिए जागरूक किया और विवाह की एक रस्म जिसमें वधू पक्ष के लोग वर पक्ष के लोगों से भोजन के लिए आग्रह करते हैं।

उस वक्त उन्हें एक-एक पौधा प्रदान किया गया और यह संकल्प दिलाया गया कि वह अपने जीवन काल में कम से कम 10 पौधे लगाएगे। विपिन कुमार ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी धार्मिक संस्कारों के मौके पर अपने लोगों की स्मृतियों में पौधा अवश्य लगाएं. यह पौधे आपको छाया के साथ-साथ आपके पूर्वजों की भी याद दिलाता रहेगे। ऐसा करने से धरती पर जीवन भी बचा रहेगा। पर्यावरण संरक्षण की मुहिम चलाने की सोच से विपिन कुमार ने आसा पर्यावरण सुरक्षा नामक एक संस्थान की स्थापना की। जिसके तहत लोगों को पेड़ लगाने के लिए जागरूक करते हैं। उन्हें इस अभियान के लिए देशभर में सराहना मिल रही है और कई पुरस्कारों से भी नवाजा गया। हाल ही में उन्हें नगर परिषद के द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण-2023 का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है।