बेंगलुरु: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता बसवराज बोम्मई ने सोमवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस कर्नाटक में सत्ता में आने के बाद विधानसभा चुनाव से पहले की गईं पांच गारंटी में शर्तें जोडक़र मतदाताओं के साथ धोखा कर रही है। सत्तारूढ़ कांग्रेस द्वारा इन वादों को पूरी तरह से लागू करने पर आशंका जाहिर करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका असली रंग कुछ ही दिनों में जाहिर हो जाएगा। बोम्मई ने कहा कि मंत्रियों के अलग-अलग बयानों को देखते हुए ऐसा प्रतीत होता है कि यह निश्चित है कि उन्होंने कहा कुछ और वे करेंगे कुछ।
चुनाव के दौरान उन्होंने बिना किसी शर्त का जिक्र करते हुए कहा था कि ये गारंटी सभी के लिए मुफ्त होगी। मुख्यमंत्री ने कहा था कि उदाहरण के लिए यह मेरे लिए, आपके लिए और सभी के लिए मुफ्त होगा। उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा कि सैद्धांतिक अनुमोदन आदेश में भी यह उल्लेख किया गया था कि गारंटी सभी के लिए होंगी, लेकिन अब बयान दिए जा रहे हैं कि ये सिर्फ पात्र लोगों पर ही लागू होगी और हर किसी के लिए नहीं होगी।