जयपुर : केंद्रीय सडक़ परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को कहा कि अगले साल के आखिर तक राजस्थान की सडक़ें अमरीका जैसी बना दी जाएंगी जिससे यह सुखी, समृद्ध एवं संपन्न प्रदेश बनेगा। वह हनुमानगढ़ जिले के पक्का सारणा गांव में एक उद्घाटन एवं शिलान्याय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। गडकरी ने कहा कि गांव को सुखी समृद्ध बनाना ही हम सबका मकसद है।’

मंत्री ने कहा कि वह अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी की बात अक्सर दोहराते हैं जिन्होंने कहा था,‘अमरीका धनवान है इसके कारण अमेरिका के रास्ते (सडक़ें) अच्छे नहीं हुए, अमेरिका के रास्ते अच्छे हैं इस कारण अमरीका धनवान है। गडकरी ने कहा कि हम राजस्थान के रास्ते (सडक़ें) 2024 समाप्त होने से पहले अमरीका की तरह बनाकर देंगे, यह वचन मैं आपको देता हूं।’ उन्होंने कहा, ‘फिर (इन) रास्तों के कारण राजस्थान भी एक सुखी, समृद्ध एवं संपन्न प्रदेश बनेगा। मंत्री ने कहा कि गरीबी, भुखमरी, बेरोजगारी से मुक्ति मिलनी चाहिए। किसान के खेत को पानी मिलना चाहिए, युवाओं के हाथों को रोजगार मिलना चाहिए, देश का आयात बंद होना चाहिए, देश का निर्यात बढऩा चाहिए और देश का किसान अन्नदाता, ऊर्जादाता और बिटुमन दाता बनकर लखपति करोड़पति बन जाए।