रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को एक साथ 3469 माध्यमिक शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपा। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि पहली बार इतनी बड़ी संख्या में शिक्षकों की बहाली हो रही है। मातृभाषा का ज्ञान बहुत जरूरी है। यही वजह है कि स्थानीय भाषा मुंडारी, हो आदि के साथ संस्कृत, उर्दू आदि के शिक्षकों की भी नियुक्ति की गई है। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि आप जिस स्कूल में जाएंगे उस स्कूल और वहां के बच्चों की जिम्मेदारी आप पर होगी। आने वाले समय में सरकार स्कूलों की ग्रेडिंग भी करेगी।
जो इस ग्रेडिंग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय आएंगे उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा। इससे स्कूलों में कार्यरत लोगों का मनोबल बढ़ेगा और आसपास के स्कूलों को प्रेरणा मिलेगी। उम्दा प्रदर्शन करने वाले स्कूल-शिक्षकों को अलग से पुरस्कार दिया जाएगा। खेलगांव के टाना भगत इनडोर स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूलों में मौजूदा दौर की चुनौतियों के लिए नौनिहालों को तैयार करना शिक्षकों की जिम्मेदारी है। आधुनिक उपकरणों, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और बड़े-बड़े डेटा से पढ़ाई के इस युग की चुनौतियों के लिए छात्रों को तैयार करना होगा। झारखंड मजदूरों के लिए नहीं बल्कि होनहार युवाओं के लिए जाना जाए।