पटना : मध्य प्रदेश के छतरपुर के बागेश्वर धाम सरकार के बाबा धीरेंद्र शास्त्री ने जहां एक तरफ पटना में भक्तों का रेला उतार रखा है वहीं दूसरी तरफ उनकी हनुमंत कथा में जाने और ना जाने को लेकर राज्य की राजनीति में बवाल हो रखा है। बिहार के डिप्टी सीएम और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के तरेत मठ में जाने से इनकार के बाद बीजेपी के नेता बरस पड़े हैं। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बागेश्वर बाबा की हनुमंथ कथा के कार्यक्रम की तुलना ईद के इफ्तार से करते हुए तेजस्वी यादव को लेकर कहा है कि ये सनातन कार्यक्रम में नहीं जाते हैं, लेकिन टोपी पहनकर इफ्तार में जरूर जाते हैं।
गिरिराज सिंह ने कहा कि ये सनातन में जात-पात करते हैं और यह सब वोट के लिए करते हैं। बागेश्वर बाबा धीरेंद्र शास्त्री का 13 मई से पटना के तरेत मठ में प्रवचन चल रहा है। पटना एयरपोर्ट पर ही भाजपा के बड़े-बड़े नेता उनके स्वागत में पहुंच गए थे जिसमें केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह भी शामिल थे। पटना एयरपोर्ट से बाबा की कार दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी चलाकर ले गए।
बाबा के दरबार में आरती करने गिरिराज सिंह, अश्विनी चौबे, रविशंकर प्रसाद, सम्राट चौधरी, मनोज तिवारी एक साथ जुटे रहे।बाबा धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रम में लाखों की भीड़ आ रही है जिससे बाबा, आयोजक और भाजपा तीनों गदगद हैं। भीड़ इतनी पहुंच रही है कि बाबा को कथा रोकनी पड़ रही है, भक्तों से घर पर ही टीवी और लाइव वीडियो देखने की अपील की जा रही है।
भाजपा नेताओं और बाबा की नजदीकी पटना एयरपोर्ट से ही दिख रही है। बाबा धीरेंद्र शास्त्री के आने से दिन पहले से ही बाबा क्या बोल देंगे इसको लेकर आरजेडी कैंप से तेज प्रताप यादव, जगदानंद सिंह, चंद्रशेखर वगैरह चेतावनी और धमकी दे चुके थे। बाबा एक तरफ हनुमंत कथा कर रहे हैं तो दूसरी तरफ उनके नाम पर बीजेपी और आरजेडी के नेताओं में पंद्रह दिन से लड़ाई छिड़ी है।