हैदराबाद : कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बीच ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि कांग्रेस पार्टी चुनाव से पहले जनता से किए गए अपने वादों को पूरा करेगी। ओवैसी ने कहा कि कर्नाटक की जनता ने फैसला किया।
हम उनसे (कांग्रेस) लोगों से किए गए वादों को पूरा करने की उम्मीद करते हैं। हालांकि, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में एआईएमआईएम को मजबूत करने का काम जारी रहेगा। कर्नाटक चुनाव के नतीजों पर उन्होंने कहा कि हम वहां सफल नहीं हुए। हम कड़ी मेहनत करेंगे। हम निराश नहीं होंगे।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने कर्नाटक में सत्ता में आने के पहले दिन ‘पांच गारंटी’ लागू करने का वादा किया है। इन वादों में सभी घरों को 200 यूनिट मुफ्त बिजली, हर परिवार की महिला मुखिया को 2,000 रुपये मासिक सहायता, गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) के परिवार के प्रत्येक सदस्य को 10 किलोग्राम चावल मुफ्त, बेरोजगार स्नातक युवाओं के लिए हर महीने 3,000 रुपये और बेरोजगार डिप्लोमा धारकों को दो साल के लिए 1,500 रुपए और सार्वजनिक परिवहन बसों (शक्ति) में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा शामिल हैं।