लखनऊ : यूपी निकाय चुनाव में बंपर जीत के बाद सीएम योगी लखनऊ में शाम 5 बजे भाजपा कार्यालय पहुंचे। वहां चारों ओर से घेरे नेताओं और कार्यकर्ताओं से योगी ने हाथ जोडक़र नमस्ते किया। इसके बाद वह अंदर प्रेस कांफ्रेंस करने पहुंचे। वहां डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने उनको मिठाई खिलाई। योगी ने थोड़ा लड्डू लिया। फिर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी उनको मिठाई खिलाई। इस दौरान कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी उनके साथ रहे।

 भाजपा नेताओं ने योगी का अभिनंदन किया। इसके बाद सीएम योगी ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि 2017 में चुनाव में 16 नगर निगम थे, उनमें 14 भाजपा ने जीती थीं। 2 बसपा ने जीती थीं। ऐसा पहली बार हुआ कि भाजपा ने सभी सीटों पर जीत दर्ज की है। इसका श्रेय उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन को दिया। यह निकाय चुनाव में भाजपा की अब तक की सबसे बड़ी जीत है। सीएम ने जीत के आंकड़े भी बताए। कहा कि 2017 से भाजपा दोगुने से अधिक सीटें नगर पालिकाओं में जीत रही है। यूपी में सुशासन, विकास और सुरक्षा के वातावरण के चलते नगर निकाय चुनाव में जनादेश मिला है।

उन्होंने कहा कि इस बार 3 नए नगर निगम अयोध्या, मथुरा-वृंदावन और शाहजहांपुर बने हैं। इन तीनों में भी भाजपा ने जीत दर्ज की है। सीएम ने कहा कि स्मार्ट सिटी विकसित करने का प्लान डबल इंजन की सरकार ने जिस तरह से आगे बढ़ाया है, उसका रिजल्ट आपके सामने है। 200 नगर पालिका में से 199 के लिए चुनाव हुए हैं। 2017 में 60 नगर पंचायत में इस बार दोगुने से भी ज्यादा सीटें हमें इस बार मिली है।

रिजल्ट की घोषणा होने के साथ ही भाजपा कार्यालय पर जश्न का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पहुंचने लगे। ढोल-नंगाड़ों पर नाचते हुए एक-दूसरे को मिठाई खिलाने का दौर शुरू हो गया। दैनिक भास्कर की टीम लखनऊ में भाजपा, अपना दल (एस), सपा, बसपा और कांग्रेस के कार्यालयों पर पहुंची। स्वार सीट पर अपना दल (एस) के प्रत्याशी की जीत के बाद पार्टी कार्यालय पर जश्न शुरू हो गया। कार्यकर्ताओं ने वहां जमकर आतिशबाजी की। वहीं सपा कार्यालय पर कार्यकर्ता पहुंचते तो दिखे, लेकिन वे बहुत खुश नहीं थे। बसपा और कांग्रेस कार्यालयों पर सन्नाटा परसा मिला।