उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के रहने वाले 25 वर्षीय आशुतोष पांडेय इन दिनों वंदे भारत पदयात्रा पर निकले हुए हैं। यूपी, बिहार और झारखंड से होते हुए 2,600 किमी की यात्रा पूरी कर वे रायपुर पहुंचे। अपनी इस यात्रा को लेकर आशुतोष ने बताया कि वे दिल्ली के एक एजुकेशनल इंस्टीट्यूट में काम करते थे, जहां उनका वर्ष का पैकेज 10 लाख रुपए था। उन्होंने बताया कि दिल्ली में रहने के दौरान वहां का प्रदूषण देख दम घुटता था। बढ़ते प्रदूषण से चिंता होती थी, इसलिए लोगों को जागरूक करने के लिए मैंने नौकरी छोड़ दी और पदयात्रा पर निकल गया।
दिसंबर, 2022 में मैंने अपनी यात्रा की शुरुआत की। अभी मैं जिस भी शहर से गुजरता हूं, वहां के लोगों से मुलाकात करता हूं और उन्हें पौधारोपण करने के साथ पर्यावरण सुरक्षा के लिए प्रोत्साहित करता हूं। आशुतोष ने बताया कि वे वंदे भारत पदयात्रा डेढ़ वर्ष में अयोध्या की हनुमानगढ़ी में पूर्ण करेंगे। आशुतोष ने बताया कि अपनी यात्रा के दौरान वे देश के 21 राज्यों से होते हुए कुल 10 हजार किमी का सफर पूरा करेंगे। वहीं 10 हजार पौधे लगाने का भी लक्ष्य उन्होंने रखा है। इस पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य देश की रक्षा, राष्ट्र निर्माण और पर्यावरण सुरक्षा का मैसेज देना है।