जयपुर : मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के वर्ष 2020 के राजनीतिक संकट संबंधी ताजा बयान पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सोमवार को कहा कि गहलोत ने अपने राजनीतिक विरोधियों को संदेश देने के लिये गैर जिम्मेदार बयान दिया। गहलोत ने रविवार को दावा किया था कि 2020 में कांग्रेस के कुछ विधायकों की बगावत के षड्यंत्र का भाजपा नेता वसुंधरा राजे और कैलाश मेघवाल ने समर्थन करने से इनकार कर दिया था।

हालांकि, शेखावत ने यह भी कहा कि गहलोत को इस बात का खुलासा करना चाहिए कि उन्हें कब और कैसे मदद की गई। उन्होंने कहा कि वसुंधरा राजे हमारी वरिष्ठ नेता हैं, वे दो बार मुख्यमंत्री और दो बार प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। उन्होंने (गहलोत ने) केवल अपने राजनीतिक फायदे के लिए और अपने विरोधियों को संदेश देने के लिए ऐसा गैर जिम्मेदाराना बयान दिया।

शेखावत ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि मैं अशोक गहलोत से कहना चाहता हूं कि उन्हें इस बात का पूरा खुलासा करना चाहिए कि उन्हें कब, कहां और किस तरह समर्थन दिया गया। गहलोत ने रविवार को धौलपुर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दावा किया था कि वह 2020 में कांग्रेस के कुछ विधायकों की बगावत से बच गए क्योंकि भाजपा नेताओं वसुंधरा राजे और कैलाश मेघवाल ने धन बल के माध्यम से एक चुनी गई सरकार को गिराने के षड्यंत्र का समर्थन करने से इनकार कर दिया था।