प्रयागराज : यूपी के माफिया अतीक अहमद की हत्या को 21 दिन गुजर गए हैं। सबसे बड़ा सवाल है कि उसकी बीवी शाइस्ता परवीन कहां है? यूपी पुलिस के हाथ खाली हैं। 25 अप्रैल को यूपी एसटीएफ ने शाइस्ता को पकडऩे के लिए प्रयागराज के पास हटुआ में रेड की। मस्जिद से एक ऐलान हुआ और बुर्का पहनी औरतों की भीड़ ने पुलिस टीम को घेर लिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक शाइस्ता वहीं थी, लेकिन भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गई।
वहीम 2 मई को दिल्ली पुलिस को एक फोन आया कि शाइस्ता बस में बैठकर हरियाणा-दिल्ली से सटे बवाना से मेरठ की तरफ जा रही है। पुलिस ने पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर घेराबंदी कर दी। कई बसों की तलाशी हुई, लेकिन शाइस्ता नहीं मिली। इससे पहले अतीक के वकील रहे खान सौलत हनीफ ने शाइस्ता और प्रयागराज के कछार इलाके की लेडी डॉन मुंडी पासी का नाम लिया था। हनीफ ने बताया कि उमेश पाल के मर्डर से पहले शाइस्ता और मुंडी पासी मिले थे।
आरोप लगते ही जमानत पर बाहर चल रही मुंडी पासी सामने आई और कहा- ‘शाइस्ता ने मुझे बहाने से मिलने बुलाया था, मैं उसे नहीं जानती।’ शाइस्ता के अलावा अतीक गैंग के गुड्डू मुस्लिम, अतीक का गनर एहतेशाम, गुड्डू मुस्लिम का सहयोगी आसिफ माली भी फरार हैं। अशरफ की बीवी जैनब और बहन आयशा नूरी भी फरार हैं। इनकी तलाश में यूपी पुलिस पंजाब, बिहार, एमपी, बंगाल, ओडिशा, दिल्ली के अलावा प्रयागराज के आस-पास कई जगह छापेमारी कर चुकी है।
वहीं जब उसके गांव में जाकर जानकारी ली गई तो गांव वालों ने कहा- अतीक से इस गांव का कोई रिश्ता नहीं है। हम भी कभी काम के सिलसिले में उनके यहां जाते थे। बाकी क्या हो रहा है, यह सभी देख रहे हैं। अब जो किया है, वह तो उन्हें और उनके परिवार को भुगतना ही पड़ेगा। बाकी सरकार को तो जानते ही हैं। सरकार से कौन लड़ पाया है। तो फिर अतीक की क्या बिसात है।