जयपुर : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने देश और राज्य में व्याप्त कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान करते हुए शनिवार को एक बार फिर कहा कि वह भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ते रहेंगे। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि उनका भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद करना कुछ लोगों को पसंद न आया हो, लेकिन उन्हें इसकी परवाह नहीं। उल्लेखनीय है कि वसुंधरा राजे के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल के दौरान कथित भ्रष्टाचार के मामलों में मौजूदा गहलोत नीत सरकार द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने को लेकर पायलट ने 11 अप्रैल को जयपुर में एक दिन के अनशन पर बैठकर एक तरह से अपनी ही पार्टी की सरकार के खिलाफ फिर से मोर्चा खोल दिया, हालांकि कांग्रेस पार्टी ने पायलट के इस कदम को ‘पार्टी विरोधी’ करार दिया था।

पायलट शनिवार को बाड़मेर में थे, जहां उन्होंने वन मंत्री हेमाराम चौधरी के दिवंगत पुत्र डॉ. वीरेंद्र चौधरी की स्मृति में निर्मित पावन शिक्षा मंदिर ‘वीरेंद्र धाम’ के लोकार्पण समारोह एवं प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर पायलट ने अपने एक दिवसीय अनशन की ओर इशारा किया। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद युवाओं से कहा कि जो कुरीतियां हमारे अंदर हैं। आज देश और प्रदेश में कहीं भी अगर लूटपाट होती है, भ्रष्टाचार होता है, तो उसके खिलाफ हमें आवाज बुलंद करनी पड़ेगी। मैंने भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद की हो सकता है कुछ लोगों को बात पसंद नहीं आई हो, लेकिन मुझे कोई परवाह नहीं।