सावदत्ती (कर्नाटक) : केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने शनिवार को कांग्रेस पर प्रतिबंधित ‘पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया’ (पीएफआई) के एजेंडे पर काम करने का आरोप लगाया और कर्नाटक के लोगों से विपक्षी दल को वोट नहीं देने का आग्रह किया। कर्नाटक में 10 मई को विधानसभा चुनाव होगा और 13 मई को मतगणना होगी। कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने दावा किया कि इसने स्वतंत्रता सेनानी और हिंदुत्व विचारक वी डी सावरकर के साथ ही भगवान हनुमान का भी अपमान किया है।
शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी वोट बैंक के लिए तुष्टीकरण की राजनीति करती है। सबसे पहले, उन्होंने चार प्रतिशत मुस्लिम आरक्षण दिया, यह जानते हुए भी कि हमारा संविधान धर्म के आधार पर आरक्षण प्रदान नहीं करता है। भाजपा ने इस असंवैधानिक मुस्लिम आरक्षण को समाप्त कर दिया है और लिंगायत और वोक्कालिगा के लिए दो-दो प्रतिशत कोटा बढ़ा दिया है।’ बेलगावी जिले में यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस वादा करती है कि अगर पार्टी सत्ता में आई तो वह मुस्लिम आरक्षण को वापस लाएगी और इसे चार प्रतिशत के बजाय छह प्रतिशत करेगी।