मुंबई : महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का वोट काटने के लिए कांग्रेस के निर्देश पर कर्नाटक के बेलगावी में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। फडणवीस बेलगावी जिले में संवाददाताओं से बात कर रहे थे, जहां मराठी भाषी लोगों की अच्छी खासी आबादी है और दशकों से दो पड़ोसी राज्यों महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच विवाद का कारण रहा है।
यह विवाद 1960 के दशक में भाषाई आधार पर राज्यों के पुनर्गठन के बाद शुरू हुआ। महाराष्ट्र बेलगावी (पूर्व नाम बेलगाम) पर दावा करता है जो भाषाई आधार पर स्वतंत्रता के समय ‘बॉम्बे प्रेसीडेंसी’ का हिस्सा था। फडणवीस ने दावा किया, ‘अगर राउत कांग्रेस के बिचौलिए की तरह काम करना बंद कर देते हैं, तो मैं यहां नहीं आऊंगा,लेकिन वह भाजपा का वोट काटने के लिए कांग्रेस के निर्देश पर यहां आए हैं।’ भाजपा नेता ने कहा कि राउत की पार्टी और कांग्रेस राजनीतिक सहयोगी हैं, इसलिए हमें बताने के बजाय उन्हें कांग्रेस नेताओं से बेलगावी में उम्मीदवार नहीं उतारने के लिए कहना चाहिए था। लेकिन वह (राउत) कांग्रेस को यह नहीं बताएंगे।’