बेंगलुरु : कांग्रेस नेता प्रियांक खरगे द्वारा नरेंद्र मोदी को ‘नालायक’ कहे जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को कांग्रेस पर निशाना साधा और इसकी अगुवाई करते हुए सत्तारूढ़ पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि विपक्षी नेता अपने आकाओं को ‘खुश’ करने के लिए प्रधानमंत्री के खिलाफ ऐसी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। उनका इशारा स्पष्ट रूप से सोनिया गांधी और राहुल गांधी की ओर था। नड्डा ने संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस ‘मानसिक दिवालियेपन’ से गुजर रही है और उसके नेता प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने में गांधी परिवार का अनुसरण कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वे अपने वरिष्ठ नेताओं को खुश करने के लिए ऐसा कर रहे हैं।’ भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि कांग्रेस पहले ही दक्षिणी राज्य में चुनाव हार चुकी है और इसी ‘हताशा’ में उसके नेता मुंह से ‘जहर’ उगल रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोग इस तरह की भाषा को स्वीकार नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के लिए लोगों का प्यार बढ़ ही रहा है।
भाजपा के सूचना और प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने प्रियांक खरगे पर तंज कसते हुए पूछा कि अगर वह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बेटे नहीं होते तो वह क्या कर रहे होते? उन्होंने कहा कि कोई अनुमान लगा सकता है क्या! अपने पिता की बदौलत यहां तक पहुंचा व्यक्ति लोकतांत्रिक रूप से चुने गए प्रधानमंत्री को ‘नालायक’ कह रहा है। प्रधानमंत्री से असहमत होना, उनकी आलोचना करना ठीक है, लेकिन इस प्रकार की टिप्पणी की जाती है तो यह उनके भ्रष्ट दिमाग को दर्शाता है।