लखनऊ : निकाय चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद सीएम योगी ने एक दिन पहले सहारनपुर से चुनाव प्रचार का भी आगाज कर दिया है। अपनी सरकार के काम गिनाने और कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए सीएम योगी हर रोज नए-नए नारे गढ़ रहे हैं। सीएम योगी मंगलवार को उन्नाव में निकाय चुनाव-प्रचार करने पहुंचे थे। रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने नो दंगा, यूपी में सब चंगा नारे के बाद एक नया नारा दिया।
सीएम योगी ने कहा, ना रंगदारी, ना फिरौती, यूपी नहीं किसी की बपौती। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में माफिया और भ्रष्टारियों के लिए कोई जगह नहीं। जो माफिया खुले आम सीना तानकर चलते थे आज वह गले में तख्ती लगाकर जान की भीख मांग रहे हैं। प्रदेश की जनता की सुरक्षा का जिम्मा सरकार का है। नगर निकाय के छह करोड़ मतदाता ट्रिपल इंजन का काम करेंगे। उन्होंने जिले के 19 निकायों के प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे।
18 अध्यक्ष प्रत्याशियों को जनता के सामने पेश किया। बोले, लोग कहते हैं कि निकाय चुनाव महत्वपूर्ण नहीं है। मेरे लिए निकाय के 6 करोड़ मतदाता उसी तरह महत्वपूर्ण है जिस तरह लोकसभा और विधानसभा के मतदाता। केंद्र सरकार पहला, प्रदेश सरकार दूसरा और नगर निकाय तीसरे इंजन का काम करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 के पहले भारत विश्व पटल पर पहचान के लिए तरसता था।
नरेंद्र मोदी जब से प्रधानमंत्री बने 9 साल में दुनिया भारत की सराहना करता है। कोई विपदा पड़ती है तो भारत की ओर देखता है। उत्तर प्रदेश में 2017 से पहले युवाओं के हाथ में तमंचा हुआ करता था आज टैबलेट है। प्रदेश में अब दंगा नहीं उत्सव होते हैं। न कर्फ्यू, न दंगा यूपी में सब चंगा,
बताते हुए कहा कि यूपी में अब कानून का राज है। महिलाएं सुरक्षित हैं। व्यापारी अब रंगदारी नहीं देता। युवा, व्यापारी, किसान आज खुद को यूपी में सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ना रंगदारी ना फिरौती उत्तर प्रदेश नहीं किसी की बपौती,कहते हुए बोले कि 2017 के पहले की सरकार सिर्फ जाति के नाम पर लूट खसोट करती थी। प्रदेश में जब से भाजपा की सरकार आई है तब से हर नागरिक को बिना किसी भेदभाव के लाभ दिलाने का कार्य किया गया है।