लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को नगरीय निकाय चुनाव के लिए उनकी पार्टी को वोट देने की लोगों से अपील की और शहरों की समस्याओं के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जिम्मेदार ठहराया। सपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पार्टी प्रमुख यादव ने नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदाताओं को सजग करते हुए कहा कि यह चुनाव स्मार्ट सिटी का है और इसलिए महत्वपूर्ण है कि आज हमारे शहरों में आबादी बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि शहरों में जितनी भी समस्याएं हैं, सब भारतीय जनता पार्टी की देन है। उन्होंने कहा कि सबसे लंबे समय तक इन शहरों में भाजपा के महापौर रहे हैं।
उदाहरण के लिए सबसे ज्यादा लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, आगरा में उन्हीं के महापौर रहे। यादव ने कहा कि सरकार कह रही है कि ट्रिपल इंजन चाहिए, ट्रिपल इंजन तो बहुत दिनों से चल रहा है लेकिन भाजपा स्मार्ट सिटी तो नहीं बना सकी, नालियां खुली पड़ी है, गंदगी है, सड़कों पर गड्ढे हैं, गलियों में दुर्दशा है और इन सबके लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है।' उन्होंने सपा की सरकार में विकास कार्य होने का दावा करते हुए कहा कि आखिरकार स्मार्ट सिटी में क्या कर रहे हैं आप, आपका रिवर फ्रंट वैसे का वैसा है। जितनी भी इमारतें बनी थी, जो अहम इमारतें थी, वैसी की वैसी है। शहर के हजारों पार्क सरकार ने बर्बाद कर दिए। बड़े पार्क को जो सुविधा मिलनी चाहिए थी, वह नहीं दे पा रहे हैं।'
उन्होंने कहा कि इसी शहर में प्रधानमंत्री ने कूड़े से बिजली बनाने का संयंत्र लगाया लेकिन कभी बिजली नहीं बनी। कूड़े के निस्तारण की क्या व्यवस्था है। मेडिकल कचरा कहां जा रहा है, सफाई नहीं हो पा रही है। जो पेड़ लगे थे काट डाले। जो नकली पेड़ लगाये थे वह भी सब सूख गए। यादव ने कहा कि समाजवादियों ने जो काम किया था, उससे आगे इस सरकार ने कुछ नहीं किया और स्मार्ट सिटी के नाम पर इतना भ्रष्टाचार हुआ कि आप कल्पना नहीं कर सकते। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सोमवार को सहारनपुर में निकाय चुनाव प्रचार की शुरुआत करते हुए 'यूपी में नो दंगा, यूपी में सब ओर चंगा'और 'माफिया हो गये अतीत' जैसे नारे दिये जाने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि वह एक अलग सोच वाली पार्टी है।