जयपुर : राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की चर्चा आज पूरे देश में हो रही है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को भी राज्य की इन योजनाओं को अपनाना चाहिए। गहलोत ने राजस्थान सरकार की चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा व मुख्यमंत्री गैस सिलेंडर योजना सहित विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए यहां कहा कि पूरे देश में इस समय राजस्थान की योजनाओं की चर्चा चल रही है।
वह यहां कालाडेरा महंगाई राहत कैंप का अवलोकन करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। उज्ज्वला एवं बीपीएल परिवारों को 500 रुपए में गैस सिलेंडर देने की मुख्यमंत्री गैस सिलेंडर योजना का जिक्र करते हुए गहलोत ने कहा कि 500 रुपए में हमने गैस सिलेंडर दिया है। पूरे देश के गरीब लोगों का (इससे) कुछ तो भला होगा। गहलोत ने कहा कि हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कहा है कि आप भी 500 रुपए में गैस सिलेंडर दें।