विश्व पृथ्वी दिवस पर श्रीमाधोपुर में शनिवार को विभिन्न जगहों पर परिंडे लगाने व पौधरोपण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शहर के वनविभाग रैंज कार्यालय परिसर में क्षेत्रीय वन अधिकारी देवेन्द्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में वनकर्मियों ने पक्षियों के लिए परिंडे बांधे और पौधरोपण कर पर्यावरण को बचाने का संदेश दिया। वहीं महाकाल सेवा समिति श्रीमाधोपुर के द्वारा पुराने कोर्ट एसबीएन में प्रदीप धायल के नेतृत्व में 21 परिंडे लगाए।

राजू बागवान ने बताया कि समिति के द्वारा सोनी कॉलोनी में प्रदेश युवा कांग्रेस विधि विभाग के प्रदेशाध्यक्ष एडवोकेट आदित्य प्रताप नरूका के नेतृत्व में तथा बाईपास रोड पर सार्वजनिक स्थानों पर पक्षियों के लिए परिंडे बांधे। इस दौरान सुभाष गढवाल आदि मौजूद थे। महात्मा गांधी कॉलेज में विश्व पृथ्वी दिवस पर संगोष्ठी हुई जिसमें प्राचार्य डॉ.वीके सैनी, निदेशक मोहरसिंह खर्रा समेत अन्य वक्ताओं ने कहा कि पृथ्वी दिवस का उद्देश्य जनसंख्या वृद्धि, प्रदूषण, वनों की कटाई जैसी मुख्य समस्याओं का समाधान निकालना, विकास की दौड़ में पृथ्वी और उसके प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करना आदि है।