धुबड़ीः असम के पारंपरिक ‘गोछ बिहु’ को ध्यान में रखकर प्रकृति प्रेमी संस्था कल्पतरु के सौजन्य से आज धुबड़ी में पेड़-पौधों की पूजा अर्चना करने के साथ साथ धुबड़ी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधों का रोपण किया गया। मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. अंकुमणी सैकिया द्वारा पौधारोपण कर इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। उन्होंने इसे एक पुण्य कार्य बताते हुए कल्पतरु द्वारा निरंतर प्रकृति के सेवा में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
मौके पर संस्था के अध्यक्ष सुचिब्रत सिंह चौधरी ने कहा कि ‘गोछ बिहु’ असमिया जाती सभ्यता का एक ऐसा पारंपरिक व खुबसूरत पर्व है, जिसके अंदर उत्सव के साथ साथ प्रकृति के संरक्षण हेतु विज्ञान सन्मत एक बड़ा संदेश भी छिपा हुआ है। एक तरफ संस्कृति का समन्वय तथा दूसरी तरफ प्रकृृति की रक्षा सेवा का भाव इसमें समाहित है। चौधरी ने बताया कि जो पेड़ पौधे हमें आक्सीजन, पानी, अन्न,आश्रय, प्रदुषण मुक्त वातावरण देते हैं, जो समस्त जीवों को जीवन दे रहे हैं, इन्हीं पेड़ पौधों की सेवा करना, इनके आदर सत्कार का ही बड़ा पर्व गोछ बिहु है।
मालूम हो कि इस अवसर पर कृष्णचुड़ा, नीम, अगर आदी विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। मौके पर संस्था के पदाधिकारी, सदस्य व आसपास के जागरूक नागरिक भी उपस्थित थे।