लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को सरकार पर आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश जंगल राज की गिरफ्त में फंस चुका है और अपराधियों को सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का संरक्षण मिला हुआ है। यादव ने यहां एक बयान में कानून व्यवस्था के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर बरसते हुए कहा कि राज्य में कानून और संविधान का शासन नहीं है, अपराध की पराकाष्ठा हो गई है, सड़कों पर खुलेआम हत्याएं हो रही हैं। अपराधी बेखौफ हैं।

अपराधियों को सत्ताधारी पार्टी का संरक्षण मिला हुआ है। पूरा प्रदेश जंगलराज की गिरफ्त में फंस चुका है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मीडिया के सामने सुनियोजित तरीके से पुलिस की सुरक्षा घेरे के बीच हत्या सरकार की नाकामी है। जब पुलिस सुरक्षा घेरे के बीच सरेआम गोलीबारी करके किसी की हत्या की जा सकती है तो आम जनता कितनी सुरक्षित है, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।