कौशांबी (उप्र) : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को दावा किया कि लोकसभा सदस्यता से राहुल गांधी को अयोग्य घोषित किए जाने को लेकर संसद की कार्यवाही बाधित करने के लिए देश विपक्षी दलों को माफ नहीं करेगा।कौशाम्बी महोत्सव का उद्घाटन करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए, उन्होंने लोगों से समाज के सभी वर्गों के सर्वांगीण कल्याण के लिए 2024 में एक बार फिर नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री के रूप में चुनने का आह्वान किया। शाह ने इस मौके पर लोगों से एक सवाल भी पूछा कि क्या इस देश के किसी नेता को विदेश में देश का अपमान करना चाहिए?

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि राहुल बाबा, कौन डरता है? राहुल बाबा यहां मैदान खुला पड़ा है, मैदान तुम तय कर लो भारत में कही भी हो, भाजपा वाले दो-दो हाथ करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि किस प्रकार की राजनीति को भारत में लाना चाहते हो, आपको क्या लगता है कि देश की जनता कुछ समझती नहीं हैं। देश की जनता देखती भी है, समझती भी है। शाह ने कहा कि (पिछले) 10 साल से आपके पास नेता प्रतिपक्ष का पद नहीं है। राहुल बाबा इस बार फिर एक बार मोदी जी की 300-पार (300 से अधिक लोकसभा सीटों पर जीत) के साथ सरकार बनने जा रही है।

शाह ने कहा कि मोदी जी ने देश को समृद्ध बनाया है और दुनिया में देश का गौरव भी बढ़ाया है, और कांग्रेस के लोग कहते हैं कि मोदी तेरी कब्र खुदेगी। मैं इन कांग्रेसियों को बताना चाहता हूं कि सोनिया जी हों, राहुल जी हों या कोई और, जब भी मोदी जी को गालियां दी जाती हैं, जनता ने इन गालियों के कीचड़ में और दमदार तरीके से कमल खिलाया है । शाह ने कहा कि वे (कांग्रेस वाले) कहते हैं कि लोकतंत्र खतरे में हैं, लोकतंत्र खतरे में नहीं है, आपका परिवार खतरे में हैं। परिवारवाद की राजनीति खतरे में हैं, भारत का लोकतंत्र नहीं।

आपने इस देश के लोकतंत्र को जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टीकरण के तीन नासूरों से घेर कर रखा था। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने जातिवाद को समाप्त कर दिया, उन्होंने परिवारवादी पार्टियों को भी हराया और उन्होंने तुष्टीकरण को भी समाप्त किया और इसके कारण आप डरे हुए हो। शाह ने यह भी कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उप्र के विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हम सभी चाहते थे कि अयोध्या में रामलला का मंदिर भगवान राम की जन्मभूमि पर बने।

कांग्रेस इसे लटकाकर रखे हुए थी, सपा इस मुददे पर भटका रही थी और बसपा ने इस मुददे को अटका कर रखा था। मोदीजी ने मंदिर की आधारशिला रखी और जल्द ही आप भगवान राम को उनके मंदिर में विराजमान देखेंगे। मोदी ने कलम से एक ही झटके में धारा 370 हटा दी।