जयपुर : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने बृहस्पतिवार को कहा कि पार्टी अन्य राजनीतिक दलों से इसलिए अलग है क्योंकि यह गांव, गरीबों और किसानों के लिए काम करती है। जोशी भाजपा के 44वें स्थापना दिवस पर यहां प्रदेश मुख्यालय में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज भाजपा को खड़ा करने में अपना पूरा जीवन लगा देने वाले सभी लोगों का अभिनन्दन करने का दिन है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का दायित्व बनता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को गरीब, शोषित, वंचित वर्ग के लोगों तक पहुंचाएं। जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गांव, गरीब, किसान, पीड़ित वर्ग के लिए प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पंडित दीनदयाल उपाध्याय और बाबा साहब के सपनों को साकार किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा अन्य दलों से अलग इसलिए है क्योंकि भाजपा कार्यकर्ताओं में राष्ट्रवाद की भावना कूट-कूट कर भरी है। हमें गर्व है कि हम भाजपा के कार्यकर्ता हैं।
एक ऐसी पार्टी जिसने भारत को परम वैभव पर पहुंचाने का काम किया। एक ऐसी पार्टी जो गांव गरीबों और किसानों के लिए कार्य करती है। राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए जोशी ने कहा कि राजस्थान का दुर्भाग्य है कि पिछले चार साल से सत्तारूढ़ कांग्रेस नीत सरकार अराजकता, भ्रष्टाचार व बेरोजगारी को बढावा दे रही है।