सलंगपुर (गुजरात) : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिना किसी भ्रम के, कुछ कड़े फैसले लिए और उन्हें लागू करते हुए देश में अमन-चैन तथा शांति भी बनाए रखी। शाह वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार समेत धार्मिक व सांस्कृतिक महत्व की कुछ बड़ी परियोजनाओं का जिक्र कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने गठन के बाद केवल दो लोकसभा सीटें जीतीं, तो तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने इसका मजाक उड़ाया था।
लेकिन अब, भाजपा की देश के 16 राज्यों में सरकारें हैं और संसद के 400 से अधिक सदस्य हैं। शाह ने कहा कि जब भी भाजपा केंद्र में सत्ता में आई, तब भारतीय संस्कृति को जबरदस्त बढ़ावा मिला और यह दुनिया भर में लोकप्रिय हुई। शाह हनुमान जयंती के अवसर पर गुजरात के बोटाड जिले के सलंगपुर गांव में श्री कष्टभंजन देव मंदिर में नव निर्मित एक विशाल रसोई का उद्घाटन करने पहुंचे थे। केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि अयोध्या में राम जन्मभूमि के लिए बाबर के समय से लेकर अब तक लाखों लोगों ने बलिदान दिया है। समाधान तलाशने के बजाय कांग्रेस मुद्दे को खींचती रही।
एक दिन अदालत का फैसला आया और मोदीजी ने राम मंदिर के लिए शिलान्यास कर दिया। भाजपा नेता ने कहा कि हालांकि कुछ लोग कहते थे कि अनुच्छेद 370 और राम जन्मभूमि के मुद्दों को छुआ गया तो दंगे भड़क उठेंगे, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि इसी तरह, हमने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, केदारधाम, बद्रीनाथ, सोमनाथ मंदिर पर स्वर्णावरण और पावागढ़ मंदिर का जीर्णोद्धार कार्य पूरा कर लिया है।