मुंबई : राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेता अजीत पवार ने 2014 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करिश्मे को दिया और कहा कि देश में महंगाई तथा युवाओं के लिए रोजगार प्रधानमंत्री की शैक्षणिक डिग्री से ज्यादा महत्वपूर्ण मुद्दे हैं। पवार की टिप्पणी सहयोगी दल शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) से अलग है, जिसके नेता संजय राउत ने कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी को अपनी शैक्षणिक योग्यता के बारे में जानकारी देनी चाहिए और उनकी डिग्री को संसद भवन के प्रवेश द्वार पर लगा देना चाहिए।

विपक्ष द्वारा प्रधानमंत्री की शैक्षणिक योग्यता का मुद्दा उठाए जाने के बारे में पूछे जाने पर पवार ने सोमवार को पत्रकारों से कहा कि 2014 (के आम चुनाव) में क्या लोगों ने उनकी डिग्री देखकर उन्हें (मोदी को) वोट दिया था? 2014 में उन्होंने कश्मीर से कन्याकुमारी तक एक ऐसा करिश्मा दिखाया जो भाजपा के पास नहीं था। इसका पूरा श्रेय नरेंद्र मोदी साहब को दिया जाना चाहिए। गुजरात उच्च न्यायालय ने पिछले सप्ताह केंद्रीय सूचना आयोग (सीआईसी) के उस आदेश को रद्द कर दिया।