श्रीनगर : कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी किसी भी पार्टी के 'बड़े भाई' की भूमिका नहीं निभाना चाहती और 'बड़ी चुनौती' के खिलाफ सामूहिक लड़ाई का आह्वान किया। खुर्शीद ने जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) के मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह विपक्षी दलों के सामूहिक नेतृत्व को तय करना है कि किसे क्या जिम्मेदारी दी जाए।

मानहानि के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के मुद्दे पर बुलाए गए संवाददाता सम्मेलन में खुर्शीद ने कहा कि हम किसी के बड़े भाई की भूमिका नहीं निभाना चाहते। सामूहिक प्रयास किया जाना चाहिए, सभी को एक साथ आना चाहिए और सभी नेताओं को यह तय करना चाहिए कि किसे क्या जिम्मेदारी या अधिकार मिले। उन्होंने कहा कि (मल्लिकार्जुन) खरगे जी ने सभी नेताओं को बुलाया और लगभग सभी आए।

कई ऐसे नेता जो पहले कुछ नहीं कह रहे थे, उन्होंने इस प्रकरण पर राहुल जी का खुलकर समर्थन किया है। इसलिए, हमें उम्मीद है कि इसे जल्द ही आगे बढ़ाया जाएगा और हम सभी इसे आगे बढ़ाएंगे। पूर्व केंद्रीय विदेश मंत्री ने कहा कि विपक्षी दल एकता की आवश्यकता को लेकर एकमत हैं और कांग्रेस को उम्मीद है कि प्रयास रंग लाएंगे। उन्होंने कहा कि हर कोई जमीनी हकीकत देखेगा और पता लगाएगा कि किसकी कितनी उपयोगिता है। इस पर चर्चा हम सभी के एकसाथ बैठने पर ही की जा सकती है।सभी एकमत हैं,कि हम सभी को इस बड़ी चुनौती से लडऩे के लिए एकजुट होना होगा।