जोरहाट : राज्य की वित्त मंत्री अंजता नेउग ने आज माजुली पहुंचकर जोरहाट-माजुली पुल के निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान मंत्री नेउग माजुली के दक्षिणपाट स्थित जोरहाट-माजुली पुल के निर्माण स्थल पर पहुंचकर निर्माता प्रतिष्ठान के कार्य पर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने पुल निर्माण कार्य को लेकर अपनी प्रतिक्रिया में निर्माता प्रतिष्ठान के अधिकारियों से पुल निर्माण कार्य से संबंधित विभिन्न विषयों पर जानकारी ली। पुल का निर्माण कार्य जिस गति से होना चाहिए, उस गति से न होने के कारण निर्माता प्रतिष्ठान को जवाबदेह ठहराया।

मंत्री नेउग ने निर्माण कार्य में नियुक्त श्रमिकों की संख्या पर भी असंतुष्टि जताई। निर्माता प्रतिष्ठान के अधिकारी के सामने मंत्री नेउग ने कहा कि निर्माण कार्य को देखकर नहीं लग रहा है कि एक बड़े पुल का काम चल रहा है। साथ ही उन्होंने निर्माता प्रतिष्ठान के गोदाम तथा अन्य विषयों पर भी निराशा व्यक्त की। पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री नेउग ने कहा कि निर्माण कार्य को लेकर वे बिल्कुल संतुष्ट नहीं है। पुल का निर्माण अबतक दस प्रतिशत भी आगे नहीं बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि आखिर किस तरह पुल का निर्माण जल्द संपन्न हो सकेगा, इसे लेकर राज्य के मुख्यमंत्री के साथ वे चर्चा करेगी। साथ ही पुल निर्माण से संबंधित सभी जानकारी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को भी देने की बात कही। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माता प्रतिष्ठान के गैर जिम्मेदाराना हरकतों के कारण पुल का काम काफी धीमी गति से चल रहा है।