लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार पर हाथरस बलात्कार कांड मामले के पीड़ित परिवार को नौकरी देने और दूसरी जगह बसाने के झूठे वादे करके छलने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कहा कि यह प्रताडऩा 'मानसिक बलात्कार' से कम नहीं है। यादव ने हैश टैग 'हाथरस की बेटी' से किए गए एक ट्वीट में हाथरस कांड मामले के पीडि़त परिवार का जिक्र करते हुए कहा कि हाथरस की बेटी के परिवार को भाजपा सरकार नौकरी देने और दूसरी जगह बसाने के झूठे वादे करके अब दौड़ा रही है।

ये प्रताडऩा और अपमान किसी मानसिक बलात्कार या मनोबल की 'हत्या' से कम नहीं।' गौरतलब है कि 14 सितंबर 2020 को हाथरस जिले के चंदपा क्षेत्र में चार युवकों ने एक दलित लड़की से बलात्कार किया था। घटना के बाद 29 सितंबर को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान पीड़िता की मौत हो गई थी।

पीडि़ता के शव का पुलिस द्वारा 29-30 सितंबर, 2020 की रात 'जबरन' दाह संस्कार किए जाने को लेकर खासी आलोचना हुई थी। सरकार ने 30 सितंबर को पीड़ित परिवार के एक सदस्य को समूह 'ग'स्तर की नौकरी देने का आश्वासन दिया था। इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ ने 27 जुलाई, 2022 को इस मामले में एक आदेश पारित करते हुए राज्य सरकार को निर्देश दिया था।