छपरा : बिहार की राजनीति में अपना दखल सुनिश्चित करने की नियत से जन सुराज पदयात्रा पर निकले चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने बड़ा दावा किया है।  पीके ने कहा है उनकी पार्टी कभी भी किसी दल से गठबंधन नहीं करेगी। अपने बलबूते पर चुनाव लड़ कर बिहार में व्यवस्था खड़ी करेगी। सारण जिले के मड़ौरा में प्रेस को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि अभी तक उनकी पार्टी नहीं बनी है। लोगों  से पार्टी बनाने को लेकर विचार विमर्श किया जा रहा है।

लेकिन अगर जन सुराज दल का गठन होता है तो कभी गठबंधन की राजनीति में नहीं जाएंगे। पीके ने कहा कि मौजूदा समय में उनकी पूरी सोच और ताकत एक नई व्यवस्था बनाने में लगी है। इसमें किसी के साथ गठबंधन करने का सवाल ही पैदा नहीं होता। पीके ने दावा किया कि बिहार के लोगों ने अगर मेरी बात समझ ली और जन सुराज के परिकल्पना से दिल से जुड़ गए तो चुनाव में इतनी सीट जीत लेंगे कि गिनना मुश्किल हो जाएगा।  लेकिन लोग नहीं समझे तो एक भी सीट नहीं आएगी। यह पार्टी बिहार के जनता की होगी ना कि प्रशांत किशोर जैसे किसी व्यक्ति की।

लड़ाई में जीत और हार दोनों बिहार के जनता की ही होगी। पीके ने कहा कि मैं हमेशा राजनीतिक दलों और नेताओं को सलाह देकर उन्हें व्यवस्थित रूप से चुनाव लडऩे और जीतने में मदद करता रहा। अब यही काम बिहार की जनता के लिए करूंगा। अभी लोगों को संगठित करने की कोशिश कर रहा हूं। उन्होंने विश्वास जताया के बिहार बदलेगा।