रांची : बुधवार को झारखंड विधानसभा की कार्यवाही के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का संबोधन भी हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने इको सेंसेटिव जोन की परिधि को कम करने का प्रस्ताव केंद्र के पास भेजा था लेकिन केंद्र सरकार और राज्य सरकार के रिश्ते जगजाहिर हैं। विपक्ष के नियोजन नीति और 1932 पर जवाब की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नियोजन नीति पर मैं बोलूंगा ही। ये लोग (विपक्ष) भागेंगे ही। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि देश के अल्पसंख्यकों, दलितों और किसानों के प्रश्न पर लोकसभा ठप है। सत्तापक्ष ने ही लोकसभा ठप कर दिया है।
भारतीय जनता पार्टी के लोग विधानसभा में भी यही दोहरा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को सदन में हुए हंगामे पर कहा कि कल जिसने भी वीडियोग्राफी कराई है, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने हजारीबाग विधायक मनीष जायसवाल पर तंज करते हुए कहा कि रामभक्तों को कपड़ा फाड़कर बताना पड़ रहा है कि वह भक्त हैं।
यह कैसी भक्ति है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बीजेपी वालों को लगता है कि वे देश में काबिज हैं तो पूरी दुनिया में काबिज हो जाएंगे। जब मुख्यमंत्री सदन में बोल रहे थे तभी भाजपा विधायक अमर बाउरी ने कहा कि जवाब दीजिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप ड्रामेबाजी कर रहे हैं। सदन में अजीब कपड़ा पहनकर आते हैं।