आप ये तो जानते होंगे कि केले को रोजाना डाइट में शामिल करने से कई तरह के हेल्थ बेनिफिट्स मिलते हैं। इसमें कैल्शियम, मैग्नीशियम, पोटैशियम, आयरन जैसे कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। आयुर्वेद में केले के फूल और तने को भी औषधि बताया गया है। केले के तने में फाइबर, पोटैशियम, विटामिन बी6 और कई एंटी एजिंग गुण पाए जाते हैं। ये शरीर में आयरन की कमी को दूर करने में भी मदद करता है।
बापू नेचर क्योर अस्पताल के आयुर्वेद डिपार्टमेंट की एचओडी डॉ रश्मि चतुर्वेदी की मानें तो केले का फूल और तने का काढ़ा या जूस बनाकर लेने से डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, मोटापा और किडनी से जुड़ी बीमारियों से छुटकारा पाया जा सकता है। इसके साथ ही फूलों का लेप स्किन और बालों के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। केले के तने में मिलने वाले पोटैशियम से किडनी में कैल्शियम क्रिस्टल नहीं बनते। किडनी स्टोन से परेशान हैं तो रोज एक गिलास केले के तने का जूस डाइट में शामिल करें।
वहीं केले के फूल में नेफ्रो प्रोटेक्टिव एक्टिविटी होती है जो किडनी को किसी भी तरह के नुकसान से बचाने में मदद करती है। केले के तने के जूस से यूरिन इन्फेक्शन के कारण होने वाले दर्द और परेशानी से भी राहत मिलती है। केले के फूल से महिलाओं के शरीर में प्रोस्टेटोन बढ़ता है, जिससे हैवी ब्लीडिंग की परेशानी कम होती है। केले के फूलों को डाइट में शामिल करने से पीरियड्स पेन में भी आराम मिलता है।