गुवाहाटी : प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष भवेश कलिता ने शुक्रवार को कहा कि असम की वित्तमंत्री अजंता नेओग सूबे की जनता की सेवा और राज्य के विकास को ध्यान में रखते हुए असम विधानसभा बजट सत्र में 2023-24 के लिए जनमुखी बजट पेश की है। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष कलिता ने कहा कि इस बार बजट आम लोगों की उन्नति के साथ ही राज्य के बहुमुखी विकास को गति देने वाला बजट है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बजट में प्रत्येक क्षेत्र के नागरिकों की आशा और आकांक्षाओं को पूरा करने के कई प्रस्ताव लाए गए हैं।

यह बजट असम में रहने वाले तीन करोड़ 45 लाख लोगों की आशाओं को पूरा करने वाला जनमुखी बजट है। कलिता ने कहा कि राज्य सरकार अरुणोदय के जरिए दीनहीन लोगों को  आर्थिक मदद करने के साथ ही राज्य में महिला सशक्तिकरण के लिए बजट में प्रस्ताव लाया है जिसका सीधा असर उन पर होगा। सरकार चाहती है कि असम की सभी महिलाएं आत्मनिर्भर बने और अर्थिक रूप से संपन्न हो, क्योंकि समाज की आधी आबादी को मजबूत करने के बाद ही हमारा समाज हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकता है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष कलिता ने कहा कि बजट में यातायात और ढांचागत विकास पर काफी जोर दिया गया है। 2023-24 वित्त वर्ष में तीन हजार किलोमीटर नई सड़क निर्माण करने का प्रस्ताव है। उन्होंने कहा कि प्रज्ञान भारतीय योजना, चाय जनगोष्ठी मुख्यमंत्री आवास योजना, नगर स्वास्थ्य बीमा, लघु उद्योग के अलावे अन्य कई नई योजनाएं शुरू करने का सीधा प्रभाव आम लोगों पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आगामी छह अप्रैल को पूरे देश के साथ ही असम में पार्टी अपनी प्रतिष्ठा दिवस मनाएगी। इसके मौके पर प्रदेश भाजपा कमेटी के पदाधिकारी, जिला, मंडल, ब्लाक,बूथ के पदाधिकारी और शक्ति केंद्र के संयोजक  अपने-अपने घरों में पार्टी का झंडा फहराएंगे। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर पौध रोपन का आयोजन किया जाएगा।