गुवाहाटी : असम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने शुक्रवार को कामरूप महानगर जिला आयुक्त कार्यालय के बैठक कक्ष में जिले के विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। राज्यपाल ने गुवाहाटी के पुलिस आयुक्त दिगंत बोरा और कामरूप महानगर जिला आयुक्त पल्लव गोपाल झा के साथ अन्य अधिकारी भी इस बैठक में उपस्थित थे। साथ ही संबंधित विभागों ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के जरिए राज्यपाल को विस्तार से जानकारी दी।
राज्यपाल ने गुवाहाटी नगर निगम आयुक्त मेघ निधि दहल और गुवाहाटी महानगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी केजे हिलाली को कृृत्रिम बाढ़ नियंत्रण और कचरा प्रबंधन के संबंध में गुवाहाटी शहर में उठाए गए कदमों की जानकारी दी। समीक्षा बैठक के बाद अधिकारियों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि हम जो भी करें सकारात्मक दिशा में करें, सरकारी कार्यों में विभिन्न कठिनाइयां आएंगी।
हमें उन्हें चुनौती के रूप में लेना चाहिए। हमें लोगों को अधिक से अधिक सेवा प्रदान करने का प्रयास करना होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि असम 10 साल पहले की तुलना में अब बहुत बदल गया है। राज्य आर्थिक रूप से बहुत उन्नत है। मालूम हो कि इस बैठक से पूर्व राज्यपाल ने जिला आयुक्त कार्यालय परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम में भी शामिल हुए। जिसमें जिला प्रशासन व राजभवन के आला अधिकारी व विभिन्न विभागों के प्रमुख शामिल हुए।