नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भारतीय लोकतंत्र की स्थिति पर ब्रिटेन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की हालिया टिप्पणी को लेकर शुक्रवार को उन पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि वह भारत के खिलाफ काम करने वाले उस ‘टूलकिट का स्थायी हिस्सा’ बन गए हैं, जो भारत में ‘कमजोर और गठबंधन की मजबूर सरकार’ चाहता है ताकि उसका फायदा उठाया जा सके। नड्डा ने एक बयान में गांधी पर अरबपति फाइनेंसर जॉर्ज सोरोस की भाषा बोलने का आरोप भी लगाया और दावा किया कि कांग्रेस और तथाकथित वाम उदारवादी देश के खिलाफ विदेशी ताकतों की गहरी साजिश का हिस्सा बन गए हैं।
उन्होंने कहा कि ‘राष्ट्र विरोधी’ कांग्रेस नेता पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि गांधी को देश के आंतरिक मामलों में विदेशी शक्तियों के हस्तक्षेप की मांग करने के अपने ‘पाप’ के लिए भारत के लोगों से माफी मांगनी ही होगी। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व प्रमुख पर देश को आर्थिक और रणनीतिक रूप से घेरने के लिए भारत के खिलाफ विदेशी साजिशकर्ताओं के साथ हाथ मिलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आजाद भारत में इससे पहले किसी नेता ने वह नहीं किया जो गांधी ने विदेशी धरती पर किया है। नड्डा ने कहा कि यह सबसे गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता ने जो किया है उससे हर देशभक्त सांसद के साथ-साथ देश के लोगों को भी ठेस पहुंची है।