जयपुर : राजस्थान में इसी साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने की उम्मीद है। राजस्थान के चुनावी रण में इस बार आम आदमी पार्टी भी ताल ठोक रही है। आम आदमी पार्टी ने सोमवार को तिरंगा यात्रा के जरिए अपना चुनावी शंखनाद राज्य में कर दिया है। राजस्थान दौरे पर गए दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी-कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। केजरीवाल ने यहां जनता को संबोधित करते हुए कहा कि दोनों पार्टियों में आप देख रहे हैं कि कांग्रेस में अलग लड़ाई मची है तो बीजेपी में अलग ही लड़ाई मची पड़ी है। किस चीज की लड़ाई है सत्ता के लिए लड़ाई है आपके लिए थोड़ी ना यह लोग लड़ रहे हैं। कुर्सी के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं।
कांग्रेस में भी सीएम की कुर्सी के लिए लड़ाई हो रही है और भाजपा में भी सीएम की कुर्सी के लिए लड़ाई हो रही है, ये लोग आपके लिए नहीं लड़ रहे हैं। इसके बाद अरविंद केजरीवाल ने राज्य की पूर्व सीएम और भाजपा नेता वसुंधरा तथा मौजूदा सीएम और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत के बारे में कहा कि इनके बीच अच्छी दोस्ती है। केजरीवाल ने कहा कि मैंने सुना है कि वसुंधरा राजे और अशोक गहलोत की बड़ी अच्छी बनती है।
बड़ी दोस्ती है। अशोक गहलोत को थोड़ी सी आंच आ जाए तो वसुंधरा राजे पूरी बीजेपी को उनके लिए खड़ी कर देती हैं बीच में बात चली की वसुंधरा राजे को बीजेपी वाले हटा रहे हैं जिसके बाद अशोक गहलोत ने पूरी कांग्रेस को इसके पीछे लगा दिया। कोई अलग पार्टी नहीं है। एक ही पार्टी है, वसुंधरा राजे पार्टी और अशोक गहलोत पार्टी, एक ही पार्टी है। तो जिसकी मर्जी सरकार बना लो सरकार तो इन्ही की चलेगी फिर चाहे वसुंधरा राजे की बनाओ चाहे अशोक गहलोत की बनाओ सरकार तो इन्ही की चलेगी।
इस बार एक ईमानदारी पार्टी ले आओ एक ईमानदार सरकार ले आओ मुझे राजनीति करनी नहीं आती भगवंत मान को राजनीति करनी नहीं आती है। हमें स्कूल बनवाना आता है। अगर आपको राजनीति करनी है तो उनको वोट देना, भ्रष्टाचार करना है तो उनको वोट देना। स्कूल बनवाना है तो मेरे पास आ जाना। मैं आपके लिए पानी, बिजली का इंतजाम कर दूंगा। केजरीवाल ने यहां जनसभा के दौरान विरोधियों पर जमकर हमला बोला।