देहरादून : होम मेकर के साथ ही नेशन मेकर के रूप में आगे बढने के लिये महिलाओं का आह्वान करते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उनकी भागीदारी से ही सही अर्थों में राष्ट्र का विकास संभव हो पाएगा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा सप्ताह की शुरूआत के मौके पर ‘महिला भागीदारी को प्रोत्साहन’ कार्यक्रम में दिए अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को होम-मेकर के साथ- साथ नेशन-मेकर के रूप में आगे बढ़ना होगा, तभी सही अर्थों में राष्ट्र का विकास संभव हो पायेगा।
उन्होंने कहा कि यदि किसी राज्य की नारी शक्ति प्रगति कर रही है तो उस राज्य का विकास सुनिश्चित है, उसे कोई रोक नहीं सकता। उत्तराखंड के निर्माण में महिलाओं के विशेष योगदान का जिक्र करते हुए धामी ने कहा कि प्रदेश की मातृशक्ति ने पूरे समाज को विपरीत परिस्थितियों में न केवल जीना और जूझना सिखाया बल्कि हर परिस्थिति में जीतना भी सिखाया ।
उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य 2025 तक उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल करना है । इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए राज्य सरकार को मातृ शक्ति का आशीर्वाद एवं समर्थन चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र तथा राज्य सरकारें महिला सशक्तिकरण के लिए सभी प्रकार के प्रयत्न कर रही हैं।