मुंबई : महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने बुधवार को कहा कि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत द्वारा कथित रूप से ‘विधिमंडल’ के संदर्भ में ‘चोरमंडल’ शब्द का इस्तेमाल करना ‘गंभीर’ बात है और वह मामले में जांच करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष ने राज्यसभा सदस्य के बयान को लेकर जारी हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी। नार्वेकर ने कहा कि उन्होंने राउत के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया है और वह आठ मार्च को अपना फैसला सुनाएंगे।
इससे पहले दिन में कोल्हापुर में राउत ने पत्रकारों से बातचीत में कथित तौर पर ‘विधिमंडल’ (विधायिका) को ‘चोरमंडल’ कहा था, जिसे लेकर विधानसभा में हंगामा हुआ। नार्वेकर ने कहा कि मुद्दा बेहद गंभीर है और यह विधायिका, इसके सदस्यों तथा राज्य के लोगों का अपमान है। उन्होंने कहा कि इस मामले में विस्तृत जांच की आवश्यकता है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राउत की टिप्पणी से ‘सदन एवं उसके सदस्यों की गरिमा, शुचिता और संप्रभुता’ को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि इसकी रक्षा करना मेरा संवैधानिक दायित्व है।