नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बजट सत्र के पहले चरण के दौरान राहुल गांधी एवं पार्टी के कई नेताओं की कुछ टिप्पणियां दोनों सदनों की कार्यवाही से हटाए जाने का हवाला देते हुए बुधवार को आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी सरकार ने देश की संसद को ‘रबर स्टाम्प’ बना दिया है। उन्होंने राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के अधिवेशन में यह दावा भी किया कि मोदी सरकार ने चार श्रम संहिताओं के माध्यम से मजदूरों के हितों पर कुठाराघात किया है तथा वह कुछ बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचा रही है। खड़गे ने यह उम्मीद भी जताई कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस अन्य विपक्षी दलों के साथ मिलकर सरकार बनाएगी।
उन्होंने बजट सत्र के पहले चरण के दौरान संसद के कुछ घटनाक्रमों का हवाला देते हुए आरोप लगाया, ‘सरकार ने संसद को रबर स्टाम्प बना दिया है। हमारे कई सांसदों को नोटिस दिया गया और एक महिला सदस्य (रजनी पाटिल) को निलंबित किया गया क्योंकि वो गरीबों की आवाज उठा रहे थे, अडाणी मामले को उठा रहे थे।’ कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कार्यवाही से हमारे भाषणों को निकाल दिया गया मैंने कुछ भी असंसदीय नहीं कहा था।
एक शेर बोला था, उसे भी निकाल दिया।’ उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में उद्योगपति गौतम अडाणी की संपत्ति में हुए इजाफे का उल्लेख करते हुए कटाक्ष किया, ‘यह कौन सा जादू है? हमें भी बताओ, हम भी मजदूरों से कहेंगे कि मोदी जी के पास ऐसी गोली है जिसे खाएंगे तो आप 12 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति वाले आम आदमी हो सकते हैं।’ खरगे ने विपक्षी एकजुटता की पैरवी करते हुए कहा कि कांग्रेस और दूसरी साथी पार्टियां 2024 में मिलकर सरकार बनाएंगी। सबके सहयोग के साथ सरकार बनाएंगे।’
उन्होंने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी बार-बार छाती ठोकते हैं लोकतंत्र में जनता घमंडी व्यक्ति को बर्दाश्त नहीं करती।’ खड़गे ने दावा किया कि बार-बार सोनिया गांधी और राहुल गांधी को इसलिए निशाना बनाया जाता है ताकि गांधी परिवार की छवि खराब हो और कांग्रेस कमजोर हो जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि मुझे अपनी गरीबी बताकर लोगों की हमदर्दी नहीं लेनी है। मुझे काम करके लोगों का समर्थन और वोट लेना है। कांग्रेस अध्यक्ष ने मजदूर संगठन और मजदूरों का आह्वान किया कि वे इस ‘श्रमिक विरोधी सरकार’ के खिलाफ संघर्ष करें। उन्होंने कहा कि अगर आप लोकतंत्र नहीं बचाएंगे, संविधान नहीं बचाएंगे तो देश में तानाशाही आ जाएगी।