रायपुर : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव के सी वेणुगोपाल ने मंगलवार को दो विधायकों समेत छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेताओं के परिसरों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के छापे को ‘राजनीतिक प्रतिशोध’ करार दिया और कहा कि उनकी पार्टी इस तरह के कदमों से डरने वाली नहीं है। राजधानी के स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से बातचीत में वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस कदम के खिलाफ कानून के तहत लड़ाई लड़ेगी।
कांग्रेस नेताओं के परिसरों पर ईडी के छापे के बारे में पूछे जाने पर वेणुगोपाल ने कहा कि यह स्पष्ट रूप से एक राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई है। हमें इसकी उम्मीद थी। हम इसकी (छापे की) उम्मीद कर रहे थे क्योंकि कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन होने जा रहा है और चुनाव भी होने वाले हैं। हम किसी चीज से डरे हुए नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हम कानून का पालन करने वाले नागरिक हैं। भाजपा या मोदी के नाम पर यह मत सोचिए कि कांग्रेस डरने वाली है।
हम निश्चित रूप से कानून के अनुसार इसका मुकाबला करेंगे। आप देख सकते हैं कि एक राष्ट्रीय पार्टी के अधिवेशन से ठीक पहले, वे (भाजपा) इस प्रकार का नाटक कर रहे हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि वह 24 से 26 फरवरी तक रायपुर में होने वाले पार्टी के 85वें राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारी देखने आए हैं।
छत्तीसगढ़ में ईडी के छापे के विरोध में सत्ताधारी कांग्रेस ने मंगलवार को रायपुर स्थित ईडी के दफ्तर के सामने धरना देने की घोषणा की है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कोयला लेवी मामले की जांच के तहत सोमवार को कांग्रेस पार्टी के नेताओं से जुड़े परिसरों सहित छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर तलाशी ली थी।