मुंबई : महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा कि पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने उन्हें बताया था कि महाविकास आघाड़ी (एमवीए) के नेताओं ने विधानपरिषद में सदस्यों को मनोनीत करने को लेकर उन्हें (पूर्व राज्यपाल को) धमकी भरा एक पत्र लिखा था। राज्य में उद्धव ठाकरे नीत एमवीए सरकार रहने के दौरान राज्यपाल कोटा के तहत विधानपरिषद में 12 सदस्यों को मनोनीत करने की सिफारिश को रोक कर रखने के अपने रुख का कोश्यारी द्वारा बचाव किये जाने के एक दिन बाद उपमुख्यमंत्री की यह टिप्पणी आई है।
कोश्यारी ने कहा था कि एमवीए के नेताओं ने विधानपरिषद में सदस्यों को मनोनीत करने को लेकर उन्हें धमकाने की कोशिश की थी। फडणवीस ने पुणे में संवाददाताओं से कहा कि मेरी जानकारी के अनुसार, महाविकास आघाडी के नेताओं ने राजभवन का दौरा किया और (तत्कालीन) राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की थी। राज्यपाल ने मुझे बताया कि एमवीए नेताओं ने धमकी भरे लहजे में एक पत्र लिखा था।