अहमदाबाद : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय माकन ने शुक्रवार को पूछा कि नरेंद्र मोदी सरकार अडाणी-हिंडनबर्ग विवाद की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) गठित करने से क्यों ‘डर’ रही है? माकन ने जोर देकर कहा कि हवाई अड्डे और बंदरगाहों जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को एक कंपनी को सौंपने का मुद्दा देश की राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि अडाणी समूह के साथ भाजपा-शासित केंद्र के ‘सौदे’ से ‘सांठगांठ वाले पूंजीवाद’ की बू आती है और इससे ‘सरकार-प्रायोजित निजी एकाधिकार’ का निर्माण होता है।