पटना : बिहार में नीतीश कैबिनेट विस्तार को लेकर महागठबंधन में जारी खींचतान के बीच डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कांग्रेस को दो-टूक जवाब देते हुए कहा कि अगर कैबिनेट विस्तार होगा, तो उनका एक ही मंत्री बनाया जाएगा। यह पहले ही तय हो गया था। हालांकि डिप्टी सीएम ने यह नहीं बताया कि कैबिनेट विस्तार कब होगा। बता दें कि कांग्रेस अपने विधायकों की संख्या के आधार पर दो और नेताओं को मंत्रिपरिषद में शामिल किए जाने की मांग कर रही है। उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव गुरुवार को दिल्ली से पटना पहुंचे।
एयपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कैबिनेट विस्तार पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को लेकर पहले ही तय हुआ था कि कैबिनेट विस्तार होगा तो उनका एक मंत्री बनाया जाएगा। कैबिनेट विस्तार में कांग्रेस का एक मंत्री बनाने का निर्णय पहले ही हो चुका है। अन्य दलों को तय करना है कि वे सरकार में शामिल होंगे या नहीं। दूसरी ओर, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह लगातार पार्टी से दो नए मंत्री बनाने की मांग कर रहे हैं।
सीएम नीतीश कुमार पहले ही कह चुके हैं कि कैबिनेट विस्तार का फैसला तेजस्वी यादव करेंगे। ऐसे में आरजेडी और कांग्रेस के बीच इस मसले पर खींचतान और बढ़ने के आसार हैं। पिछले दिनों डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा था कि कांग्रेस नेता टीवी पर कैबिनेट विस्तार की मांग कर रहे हैं। मगर उनसे अभी तक किसी ने बात नहीं की है।