पटना : बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव की दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से हुई मुलाकात सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है। इसे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की लोकसभा चुनाव 2024 चुनाव के मद्देजनर विपक्षी एकता की मुहिम से जोड़ा जा रहा है। 2024 में विपक्षी पीएम कैंडिडेट को लेकर नीतीश कुमार और अरविंद केजरीवाल के बीच मतभेद हैं। पिछले साल दिल्ली में नीतीश कुमार, केजरीवाल से मिले थे मगर 2024 में साथ आने को लेकर बात नहीं बन पाई थी। अब तेजस्वी यादव, केजरीवाल को साधने के लिए पहुंच गए।
बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव अपने पिता एवं आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मिलने हाल ही में दिल्ली पहुंचे। मंगलवार को उन्होंने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की। तेजस्वी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर फोटो शेयर कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने सार्वजनिक उपक्रमों, संसाधनों, राष्ट्रीय संपत्ति और देश को पूंजीपतियों के हाथों गिरवी रख दिया है। हम सबों को मिलकर देश बचाना है। दोनों नेताओं के बीच वर्तमान सामाजिक,राजनीतिक और आर्थिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
अरविंद केजरीवाल ने तेजस्वी के ट्वीट पर रिप्लाई करते हुए कहा कि यह मुलाकात बहुत फलदायक रही। तेजस्वी यादव उनके घर आए और दोनों ने देश के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। अब राजनीति गलियारों में इस मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं। लोकसभा चुनाव में अब डेढ़ साल का वक्त भी नहीं बचा है। विपक्षी दलों ने अपने-अपने स्तर पर इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। अगस्त 2022 में बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने एनडीए का साथ छोड़कर महागठबंधन के साथ सरकार बनाई और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव उपमुख्यमंत्री बने। इसके बाद नीतीश ने ऐलान किया कि वे 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले देश भर के विपक्षी दलों को एकजुट करेंगे।