तिनसुकिया : तिनसुकिया नगरपालिका में लंबे अर्से से चल रहे अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद को लेकर जारी रार पर आज विराम लग गया। आखिरकार जिला उपायुक्त के हस्तक्षेप से आज मतदान के जरिए पालिका अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव कर उन्हें शपथ दिलाई गई। पिछले 48 दिनों से खाली पड़े तिनसुकिया नगरपालिका के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर नए अध्यक्ष और उपाध्यक्षा के रूप में क्रमशः दो नंबर वार्ड के पार्षद पवित्र गोगोई और एक नंबर वार्ड की पार्षद इंद्रा रॉय ने शपथ ग्रहण किया। मतदान प्रक्रिया के दौरान एक मत से नौ नंबर वार्ड के पार्षद पुलक चेतिया को पराजित कर दो नंबर वार्ड के पार्षद पवित्र गोगोई पालिका के नए अध्यक्ष बने। वहीं पूर्व उपाध्यक्षा तथा 12 नंबर वार्ड की पार्षद नवनीता अग्रवाल को तीन मतों से पराजित कर एक नंबर वार्ड की पार्षद इंद्रा रॉय उपाध्यक्षा बनीं।
तिनसुकिया नगरपालिका कार्यालय परिसर के एक कमरे में तिनसुकिया जिला के नवनियुक्त उपायुक्त स्वप्निल पाल सहित केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली, राज्य सरकार के चाय जनजाति कल्याण एवं श्रम मंत्री संजय किसान के अलावा अतिरिक्त उपायुक्त सरफराज हक, तिनसुकिया नगरपालिका के कार्यकारी अधिकारी मंजीत दोलै की उपस्थिति के साथ साथ पालिका के 15 पार्षदों में से 14 पार्षद मौजूद रहे। पालिका के आठ नंबर वार्ड के पार्षद जयंत बरुवा इस मतदान प्रक्रिया में रहस्यमय तरीके से दूरी बनाए रखा।
जिला उपायुक्त द्वारा दो मंत्रियों की उपस्थिति में पालिका के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष हेतु आयोजित इस सभा में पीठासीन अधिकारी के रूप में तीन नंबर वार्ड के पार्षद प्रदीप दास ने दायित्वभार संभाला और रहस्यमय तरीके से मतदान की प्रक्रिया में हिस्सा नहंीं लिया। जबकि मतदान करना उनका हक है। आखिरकार क्या कारण है जिसके चलते उन्होंने मतदान नहीं किया, इसको लेकर चर्चा का बाजार काफी गर्म देखा गया। तिनसुकिया जिला उपायुक्त के अनुसार पालिका के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव मतदान प्रक्रिया से संपन्न हुआ। जिनमें अध्यक्ष पद हेतु दो उम्मीदवार पुलक चेतिया और पवित्र दास और उपाध्यक्ष पद हेतु दो उम्मीदवार इंद्रा रॉय और नवनीता अग्रवाल के बीच टक्कर हुई।
जिसमें पवित्र गोगोई को आठ और पुलक चेतिया को सात मत हासिल हुए। वहीं नवनीता अग्रवाल को छह और इंद्रा रॉय को नौ मत मिले। हालांकि उपाध्यक्ष पद की दौर में बाबुल सेन शामिल थे, परंतु उन्होंने मतदान प्रक्रिया से ठीक पहले अपना नाम वापस ले लिया। इसके बाद जिला उपायुक्त द्वारा नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों को शपथ दिलाई गई। मालूम हो की तिनसुकिया नगरपालिका के 15 पार्षदों में से 14 भाजपा के पार्षद है। बावजूद इसके मतदान प्रक्रिया से अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुना जाना इस बात की चुगली कर रहा है कि पालिका के पार्षदों में अभी भी सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है।
उल्लेखनीय है कि 28 दिसंबर को जयंत बरुवा द्वारा पालिका के अध्यक्ष पद से पदत्याग करने के बाद से पालिका का अध्यक्ष पद खाली था, जिसके बाद 21 जनवरी को तेजपुर के सांसद पल्लव लोचन दास दल के तरफ से तिनसुकिया नगरपालिका में अध्यक्ष पद को लेकर चल रहे विवाद को सुलझाने हेतु तिनसुकिया आए थे। तिनसुकिया में आकर मीडिया के समक्ष जो बयान दिया गया था उसमें उन्होंने बताया था कि दल की तरफ से दो पार्षदों के नाम अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के रूप में प्रस्तावित कर दिया गया है एक से दो दिनों के भीतर पालिका के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के शपथग्रहण किए जाने के साथ ही तिनसुकिया नगरपालिका के विवाद पर विराम लग जाएगा। किसी प्रकार से चुनाव या मतदान की नौबत नहीं आएगी।