रांची : बिहार के उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनके आवास पर मुलाकात की और कई मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र में बीजेपी की सरकार को गिराने के लिए विपक्षी दलों को एकजुट होना होगा। तेजस्वी यादव ने हेमंत सोरेने से मुलाकात के बाद कहा कि हम इस बात की वकालत करते रहे हैं कि क्षेत्रीय पार्टियां जहां भी मजबूत हों, उन्हें सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ना चाहिए।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी चाहते हैं कि सभी विपक्षी पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ें और केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार को उखाड़ फेंके। पार्टी के एक कार्यक्रम में पहुंचने के बाद राजद नेता रांची के बिरसा मुंडा हवाईअड्डे पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। वहीं झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर कहा कि बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से मुलाकात की। बैठक के दौरान देश और प्रदेश से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।