लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार के वैश्विक निवेशक सम्मेलन के सफल आयोजन की सराहना करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को कहा कि यह राज्य भारत का विकास इंजन बनने के लिए सक्षम भी है और तैयार भी है। यहां आयोजित तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन-2023 के समापन समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि कुछ देशों ने उत्तर प्रदेश की वृद्धि और विकास के लिए अपनी रुचि दिखाई है।
राज्य की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भर भारत का विकास इंजन बनने के लिए सक्षम भी है और तैयार भी है। मुर्मू ने कहा कि मैं इस सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री आदरणीय योगी आदित्यनाथ और उनकी पूरी टीम की सराहना करती हूं। इस आयोजन की सफलता के लिए मुख्यमंत्री जी, उनकी टीम के सभी सदस्यों और राज्य के सभी निवासियों को बहुत-बहुत बधाई देती हूं।
राष्ट्रपति ने कहा कि मुझे बताया है कि 2018 में आयोजित उत्तर प्रदेश निवेशक सम्मेलन के फलस्वरूप राज्य में भारी मात्रा में निवेश आया, इस सफलता के लिए मैं राज्य सरकार को बधाई देती हूं। राज्य में पिछली सफलता के आधार पर एक और बड़ा निवेशक सम्मेलन बड़े पैमाने पर आयोजित किया जा रहा है।
मुर्मू ने कहा कि 2019 के प्रयागराज के कुंभ के शानदार आयोजन लिए मुख्यमंत्री और उनकी टीम की पूरे विश्व में प्रशंसा हुई, उसी प्रकार निवेशकों के इस कुंभ की सफलता के साथ-साथ विश्व में शांति मिले, यह मेरी मंगल कामना है। उन्होंने कहा कि उप्र जनसंख्या के लिहाज से शीर्ष पर है, देश में आर्थिक योगदान में भी प्रथम है। मैं इसके लिए राज्य के किसानों और उद्यमियों की सराहना करती हूं। इससे पहले राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति को भगवान गणेश की प्रतिमा भेंट की।