नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि हाल ही में पेश आम बजट में समाज के हर वर्ग के लिए कुछ न कुछ है। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार द्वारा पेश किए गए हर बजट में गरीबों के हित केंद्र में रहे हैं।वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा एक फरवरी को बजट पेश किए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संसदीय दल की पहली बैठक को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि कोई भी इसे ‘चुनावी बजट’ नहीं कह रहा है, जबकि यह अगले साल के लोकसभा चुनाव से पहले अंतिम पूर्ण बजट था।
उन्होंने कहा कि समग्र विकास और समाज के हर वर्ग के हितों ने बजट प्रस्तावों को प्रेरित किया है। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मोदी के भाषण का हवाला देते हुए पत्रकारों से कहा कि यहां तक कि जो लोग वैचारिक रूप से भाजपा के विरोधी रहे हैं, उन्होंने भी बजट का स्वागत किया है। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री ने सांसदों से गरीब और मध्यम वर्ग सहित अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों को बजट के संबंधित पहलुओं के बारे में सूचित करने का आह्वान किया।
उनके मुताबिक ऐसा करते हुए मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपने चुनावी अनुभवों को याद किया और कहा कि जब काम को लोगों द्वारा मान्यता दी जाती है, तो सत्ता विरोधी लहर जैसी कोई चीज नहीं होती है। बजट की व्यापक स्वीकार्यता को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कभी-कभी केवल 25 मेहमानों के पारिवारिक समारोह में हर किसी की पसंद को पूरा करना मुश्किल होता है।