पटना : कई जगह लोगों ने बताया है कि बिजली बिल ज्यादा दे रहा है। ऐसा कोई गड़बड़ कर रहा है तो पूरा जांच कराएंगे। मुख्य सचिव से लेकर एक-एक अधिकारी को कह दिया है कि पूरे तौर पर देखिए। ऐसा कोई गड़बड़ किया है तो जांच कराइए। करीब दो साल से बिजली बिल को लेकर परेशान बिहार के लोगों को समाधान यात्रा के दौरान अररिया में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस बयान से कुछ उम्मीद जगेगी। पटना में प्रीपेड मीटर की लांचिंग के साथ ही इस समस्या को लेकर लोग अलग-अलग फोरमों पर बात उठा रहे थे।
कुछ लोग कोर्ट तक गए, लेकिन अधिकारी ऐसी गड़बड़ी से इनकार करते रहे। पटना में प्रीपेड मीटर की अनिवार्यता के बाद जैसे-जैसे बिहार के बाकी शहरों में यह जाता गया, ज्यादा चार्ज लेने की जानकारी सामने आने लगी। शुक्रवार को मुख्यमंत्री को अररिया में लोगों ने इसका समाधान करने कहा तो उन्होंने जांच की घोषणा की।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अररिया में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि सीनियर आईएएस केके पाठक की गालियों वाला मामला उनके संज्ञान में आया है। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव से इस केस की पूरी जांच कराने की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि कल शाम में इसकी जानकारी मिली है और जांच कराने के लिए कहा है।