गुवाहाटी : फैंसी बाजार में महात्मा गांधी रोड पदसेतु (फुट ओवर ब्रिज) का मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने फीता काटकर लोकार्पण किया। इससे पहले दीप प्रज्वलित कर पदसेतु शिलालेख का उद्घाटन भी किया गया। इस अवसर पर नगर उन्नयन मंत्री अशोक सिंघल, ईस्ट गुवाहाटी के विधायक सिद्धार्थ भट्टाचार्या, गुवाहाटी के मेयर मृगेन शरणिया उपस्थित थे। इस अवसर पर आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गुवाहाटी महानगर में लोक निर्माण विभाग गत कई वर्षों से यातायात और पैदल यात्री को सुविधा प्रदान करने का प्रयास कर रही है।
इसी क्रम में गुवाहाटी के कई स्थानों में फुट ओवर ब्रिज का निर्माण किया गया है। आदाबाड़ी, शुक्लेश्वर मंदिर, मिजोरम हाउस, महिंद्रा शोरूम, दिसपुर कर भवन, खानापाड़ा आदि स्थानों पर इसका निर्माण कार्य पूरा हो गया है। वहीं गणेशगुड़ी फ्लाईओवर का विस्तार, दिसपुर सुपरमार्केट फ्लाईओवर और आर्य नगर फ्लाईओवर का लोकार्पण भी हो चुका है। वहीं फैंसी बाजार की पदसेतु का आज लोकार्पण किया गया है। फैंसी बाजार के इस क्षेत्र में फेरी घाट जहाज से उतरने वाले यात्री एवं ऑफिस आने जाने वाले यात्रियों की संख्या हजारों में है। उन्हें रास्ता पार में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
इसी समस्या से निजात पाने के लिए फैंसी बाजार में पद सेतु का निर्माण किया गया है। इसके पश्चात पलटन बाजार रेलवे स्टेशन से पलटन बाजार तक एक और फुट ओवर ब्रिज निर्माणाधीन है। जू रोड और मालीगांव फ्लाईओवर का लोकार्पण भी बहुत जल्दी कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि गुवाहाटी और उत्तर गुवाहाटी के बीच पुल का निर्माण 66 प्रतिशत पूरा हो गया है। इस पुल के लोकार्पण के पश्चात उत्तर गुवाहाटी के गौरीपुर में यातायात जाम की समस्या पैदा ना हो इसके लिए गौरीपुर में एक ट्रांपेट का निर्माण किया जाएगा। इसके निर्माण होते ही गुवाहाटी से नलबाड़ी आधे घंटे में पहुंचा जा सकेगा।