नई दिल्ली/सोनीपत : भारतीय जन संचार संस्थान, नई दिल्ली के महानिदेशक प्रो.संजय द्विवेदी का कहना है कि मीडिया का भारतीयकरण किए जाने की जरूरत है। इसके बिना पत्रकारिता मूल्यबोध और संवादकेंद्रित नहीं बन सकती। ब्रह्माकुमारीज के उत्तरी परिसर विश्व कल्याण सरोवर जी टी रोड, सोनीपत, हरियाणा में पत्रकारों तथा मीडिया कर्मियों के लिए आयोजित संगोष्ठी में मुख्यअतिथि की आसंदी से उन्होंने कहा कि जर्नलिज्म का प्रारंभ पश्चिम से हुआ, जहां कुछ अशोभन या नकारात्मक घटित होने पर ही समाचार बनाने की बात कही गयी है।

ऐसे में पत्रकारिता में नकारात्मकता उसका अनिवार्य अंग बन गयी है। पत्रकारिता के पाश्चात्य मूल्यों के बजाए मीडिया को भारतीय संचार सिद्धांतों पर खड़ा करने की जरूरत है, जिससे वह लोकमंगल की वाहक बन सके। आईआईएमसी के महानिदेशक ने कहा कि भारत में संवाद और शास्त्रार्थ की परंपरा रही है, क्योंकि संवाद कभी नकारात्मक नहीं होता।