गुवाहाटी : असम के 126 विधानसभा क्षेत्रों के लिए अंतिम मतदाता सूची शुक्रवार को प्रकाशित कर दी गई। अंतिम मतदाता सूची 2023 में मतदाताओं की कुल संख्या 2,41,11,743 है। इसमें से 1,21,28,543 पुरुष, 1,19,82,804 महिलाएं और 396 थर्ड जेंडर हैं। इनके अलावा 18 से 19 वर्ष की आयु के मतदाताओं की कुल संख्या 4,01,571 है।

80 साल के ऊपर के मतदाताओं की कुल संख्या 3,11,032 है और दिव्यांग मतदाताओं की कुल संख्या  1,69,573 हैं, इनमें से 86,105 पुरुष, 83,458 महिला और 10 तीसरे लिंग के हैं। सर्विस वोटर की संख्या 65,716 हैं, जिनमें से 63,979 पुरुष और 1,737 महिला हैं। उल्लेखनीय है कि 9 नवंबर, 2022 को असम के लिए एकीकृत ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की गई थी, जिसमें 2,38,81,196 मतदाता शामिल थे। तत्पश्चात् 9 नवंबर, 2022 को दावा आपत्ति दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हुई जो 8 दिसंबर, 2022 तक चली।

आखिर 10 जनवरी, 2023 तक दावों और आपत्तियों का निस्तारण पूरा कर लिया गया। अंतिम प्रकाशन के अनुसार अंतिम मतदाता सूची, 2023 में मतदाता जनसंख्या अनुपात (ईपीआर) 638 है और रोल लिंग अनुपात (आरजीआर) 988 है। ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल में ईपीआर 632 और आरजीआर 986 था जो अंतिम मतदाता सूची, 2023 में में सुधार हुआ।